शिमला। बारात लेकर गए एक दूल्हे को खाली हाथ लौटना पड़ गया। हुआ यूं कि दूल्हा अपनी शादी में शराब पीकर पहुंच गया। शराब के नशे में झूमता हुआ जब वह मंडप पर बैठा तो दुल्हन को इस बात की भनक लग गई और दुल्हन ने उसी वक्त शादी करने से इनकार कर दिया। मामला हिमाचल के मंडी जिले के उपमंडल धर्मपुर का है।
मंडी जिले के उपमंडल धर्मपुर में एक दुल्हन के घर बारात पहुंची। इस दौरान दूल्हा शराब के नशे में धुत्त था। लड़के पक्ष की ओर से धूमधाम से बारात निकली थी। दुल्हन वालों की ओर से जोर-शोर से बारात का स्वागत किया गया। दूल्हे के नशे में होने का मामला तब खुला जब वह लग्न मंडप पर बैठते ही नशे में झूमने लगा। इस बात की जानकारी दुल्हन तक पहुँच गई। इसके बाद सच्चाई जानने के लिए दुल्हन लग्न मंडप पर गई और उसने पाया कि दूल्हा नशे में था।
दुल्हन ने मौके पर ही दूल्हे के हालात देखकर शादी से मना कर दिया। रिश्तेदारों और दूल्हे के परिवार ने दुल्हन को लाख मनाने की कोशिश की लेकिन उसने उनकी एक न सुनी। लड़की शादी के लिए नहीं मानी। इसके बाद दूल्हे वालों को बारात लेकर बैरंग लौटना पड़ा। बारातियों का कहना था कि शादी लड़का और लड़की की आपसी सहमति से ही हो रही थी, लेकिन दूल्हे को इस हालात में पाकर दुल्हन ने शादी से इनकार कर दिया।